Friday, February 27, 2026
Google search engine
HomeKorbaनगरीय चार्ज अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ आयोजित

नगरीय चार्ज अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ आयोजित

कोरबा, 27 फरवरी 2026/
भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन आज नगरीय निकायों के चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि शासन द्वारा जनगणना हेतु दिशा-निर्देश तय कर समय-सीमा निर्धारित कर दी गई है, इन्हीं दिशा-निर्देशों और समय-सीमा को ध्यान रखकर जनगणना के कार्य सम्पन्न होंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य में चार्ज अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वे गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त कर सभी शंकाओं को दूर कर लें, ताकि जब वे प्रशिक्षण दें और टीम तैयार करें, तो जनगणना संबंधी कार्यों को बिना किसी त्रुटि या परेशानी के फील्ड पर क्रियान्वित करा सकें। उन्होंने चार्ज अधिकारियों से कहा कि जनगणना में घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से जानकारी लेकर दर्ज करना है। वे जब प्रशिक्षण आयोजित करें तो फील्ड पर जाने वाले प्रगणकों एवं अन्य कर्मचारियों को अवश्य बताएं कि घर में जाकर सही जानकारी लेना और सही जानकारी देना ही जनगणना का उद्देश्य है। नगरीय क्षेत्रों के सभी घरों की गणना जरूरी है, ताकि जनगणना 2027 के तहत सही आँकड़े प्राप्त हो सकें।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि जनगणना 2027 के लिए जिले में व्यापक तैयारी की जा रही है। पर्याप्त संख्या में मानव संसाधन के रूप में प्रगणक, पर्यवेक्षक और फील्ड ट्रेनर की व्यवस्था होगी। आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान कर राशि भी दी गई है। 1 मई से 30 मई तक चलने वाले जनगणना कार्य के लिए रूपरेखा तैयार कर चरणबद्ध प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। पहली बार जनगणना का कार्य डिजिटल माध्यम-मोबाइल में ऐप-से होगा, इसलिए विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान संग्रहित जानकारी गोपनीय होती है, इसे किसी से साझा नहीं किया जा सकता। यह जानकारी अवश्य पहुँचे कि जनगणना से जुटाई गई जानकारी का किसी योजना की पात्रता-अपात्रता से कोई संबंध नहीं है और इससे किसी की पात्रता निर्धारण नहीं होगा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के दौरान किसी की अनदेखी नहीं करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी की भागीदारी आवश्यक बताते हुए टीमवर्क के साथ जनगणना कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने भी सभी से आग्रह किया कि प्रशिक्षण में दी जा रही प्रत्येक जानकारी को ध्यानपूर्वक सुनें और बिना किसी समस्या के जनगणना कार्य को सम्पादित कराएं।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक श्री अशोक मिश्रा, मास्टर ट्रेनर श्री कैलाश पाण्डेय ने नगरीय चार्ज अधिकारियों को जनगणना परिचय, जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका एवं कानूनी प्रावधान, कोष प्रबंधन, जनशक्ति एवं प्रचार गतिविधियाँ, जनगणना की आधारभूत संरचना, प्रक्रियाएँ, अवधारणाएँ एवं परिभाषाएँ, सीएमएमएस मॉड्यूल तथा उपयोगकर्ता पंजीकरण सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना 2027 के दौरान अधिकृत वेबसाइट पर क्षेत्रवार प्रगणकों की जानकारी-पता एवं मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध होगी। साथ ही एआई चैटबॉट के माध्यम से नागरिक अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने जनगणना के दौरान मकान की गणना के लिए निर्धारित मापदंड, परिवार की परिभाषा, जनगणना के फायदे, मकानों में नंबरिंग, चार्ज अधिकारियों के अधिकार व दायित्वों के बारे में बताया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव, उप संचालक श्री मोहन सिंह कँवर, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला एनआईसी अधिकारी श्री हेमंत जायसवाल तथा चार्ज अधिकारी के रूप में उपस्थित नगर पालिक निगम के जोन अधिकारी, नगरीय निकायों के सीएमओ आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments