Wednesday, March 11, 2026
Google search engine
HomeNewsबांकीमोंगरा में पशु चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, पशुपालकों को मिलेगी...

बांकीमोंगरा में पशु चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, पशुपालकों को मिलेगी बेहतर

चिकित्सा सुविधा
बांकीमोंगरा/कोरबा:
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 2 स्थित 2 नंबर दफाई में नवनिर्मित पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि लोग आमतौर पर इंसानों के इलाज के लिए तो तुरंत आगे आते हैं, लेकिन पशुओं की चिकित्सा के मामले में अक्सर संकोच करते हैं। उन्होंने कहा कि पशुधन विभाग की पहल से इस नए भवन का निर्माण हुआ है, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इसकी जानकारी अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
विभाग प्रमुख डॉ. एस. एन. मिश्रा ने बताया कि जिला खनिज न्यास मद से लगभग 19 लाख रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से इस भवन के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। नए भवन के बनने से पशुओं की चिकित्सा से जुड़ी समस्याओं का समाधान अधिक सुगमता से किया जा सकेगा।
वहीं डॉ. राजेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस नए भवन के शुरू होने से कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टीकाकरण तथा पशुओं के उपचार जैसे कार्यों में तेजी आएगी और पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
सेवानिवृत्त डॉ. नायक ने बताया कि पुराना भवन काफी जर्जर और जीर्ण-शीर्ण हो चुका था। नए पशु चिकित्सालय के निर्माण से अब क्षेत्र के पशुपालकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस चिकित्सालय के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के साथ-साथ 19 वार्डों और 23 ग्रामों के पशुपालकों को लाभ मिलेगा, जिनमें देवरी, तेलसरा, पौंसरा सहित आसपास के कई गांव शामिल हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा, उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर, पार्षद लोकनाथ कंवर, प्रमिला सायतोड़े, प्रकाश झा, गोवर्धन सिंह कंवर, अनूपम दास सहित पशु चिकित्सकों की टीम, कर्मचारीगण, पशुपालक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments