Tuesday, March 24, 2026
HomeKorbaविश्व क्षय दिवस पर जिले में 100 दिवसीय टीबी पहचान एवं उपचार...

विश्व क्षय दिवस पर जिले में 100 दिवसीय टीबी पहचान एवं उपचार अभियान का हुआ शुभारंभ’

कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

टीबी मुक्त पंचायतों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, मरीजों को निक्षय किट किया प्रदान

कैबिनेट मंत्री ने टीबी मुक्त कोरबा के लिए दिलाया संकल्प

कोरबा, 24 मार्च 2026/ विश्व क्षय दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 100 दिवसीय विशेष पहचान एवं उपचार अभियान का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
इस अभियान के तहत जिले में टीबी के संभावित मरीजों एवं उच्च जोखिम वाले समूहों की पहचान कर उनकी समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में टीबी को जड़ से समाप्त करने का अभियान स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सतत प्रयासों से प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक टीबी की रोकथाम एवं उपचार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से टीबी उन्मूलन की दिशा में सशक्त अभियान चलाया जा रहा है। “निक्षय निरामय मित्र” जैसी पहल के माध्यम से टीबी मरीजों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि जिले में टीबी मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है और वर्तमान में 101 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर प्रयासों से जल्द ही कोरबा जिले को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षणों की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान कर तुरंत जांच एवं उपचार कराएं। जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में उपचार की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। श्री देवांगन ने टीबी मरीजों के उपचार में परिवार, समाज एवं सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए सभी से सहयोग करने तथा टीबी मुक्त कोरबा बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगो को टीबी मुक्त भारत बनाने हेतु योगदान देने का शपथ दिलाया।
साथ ही जिले के टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को प्रमाण पत्र एवं गांधी प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। टीबी उन्मूलन में योगदान देने वाले सार्वजनिक उपक्रम, समाजसेवी संस्थानों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में 20 टीबी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने हेतु निक्षय किट का वितरण किया गया, जिससे उनके उपचार में सहायता मिल सके।
निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने कहा कि टीबी से संबंधित जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार संभव हो सके। उन्होंने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि टीबी के लक्षणों की प्रारंभिक पहचान बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को विशेष देखभाल एवं उचित उपचार की आवश्यकता होती है, जिसमें परिवार और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समय पर जांच, उपचार एवं पोषण सहयोग के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। प्रभारी कलेक्टर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक बनें, लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री ओंकार यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस एन केसरी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ बी आर रात्रे, लायन्स क्लब के अध्यक्ष श्री विक्रम अग्रवाल, एनजीओ प्रमुख, जनप्रतिनिधि सहित टीबी मुक्त पंचायतो के सरपंच, मितानिन एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments