
कल से शुरू होगी हनुमंत कथा
बांकी मोंगरा/कोरबा, 27 मार्च 2026।
औद्योगिक नगरी कोरबा में आध्यात्मिक उत्साह अपने चरम पर है। बांकी मोंगरा के समीप स्थित ग्राम ढपढप में 28 मार्च से प्रारंभ होने जा रही दिव्य श्री हनुमंत कथा के पूर्व आज एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जब लगभग 11 हजार मातृशक्ति ने भव्य कलश यात्रा निकालकर जिले में आस्था का नया कीर्तिमान रच दिया।
ग्राम ढेलवाडीह से प्रारंभ हुई इस विशाल कलश यात्रा में जिले के कोने-कोने से आई महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लिया। जैसे ही यात्रा आगे बढ़ी, जय श्रीराम और जय हनुमान के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सड़कों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस आयोजन को एक अलौकिक स्वरूप प्रदान किया।
यह भव्य आयोजन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है, जिनका आगमन 28 मार्च को निर्धारित है। उनकी श्रीमुख से 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित हनुमंत कथा को लेकर पूरे जिले में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।
कलश यात्रा में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने श्रद्धालुओं के साथ इस ऐतिहासिक क्षण को साझा किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में विश्व हिन्दु परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह, कार्यक्रम के सचिव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, अपना घर सेवाश्रम के राणा मुखर्जी, सहित सैकड़ों वालेंटियर्स एवं प्रशासनिक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि कोरबा जिले को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान भी प्रदान की है। आने वाले दिनों में यह हनुमंत कथा जिले के लिए एक यादगार और दिव्य अनुभव बनने जा रही है।

