


बांकी मोंगरा:
बांकी मोंगरा में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव अपार श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, मंदिरों और मोहल्लों में दिनभर धार्मिक आयोजन, भंडारे, हनुमान चालीसा पाठ और आरती का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा
विकास झा ने इस पावन अवसर पर नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं कांग्रेस सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बांकी मोंगरा चौक में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान आरती एवं चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं ग्राम मोंगरा स्थित भीमसेन मंदिर में युवाओं ने जोश और उमंग के साथ हनुमान जी की स्तुति में हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इंदिरा नगर प्रवेश द्वार के सामने अनुज पाठक एवं अजय बंजारे द्वारा खिचड़ी प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई, जो आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे आयोजन में हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।
विशेष उल्लेखनीय है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रस्तावित आगमन से पहले ही क्षेत्र में सनातन संस्कृति और हनुमान जी के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूरे नगर में “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों के साथ भक्ति की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।
👉 देखिए हनुमान जन्मोत्सव की भव्य झलकियां…

