
रायपुर/कोरबा, अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और वर्तमान में नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. संतोष कुमार सिंह को उनके अकादमिक कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उनकी पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से विशेष सराहना प्राप्त हुई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली से जारी पत्रों में देश के शीर्ष अधिकारियों ने डॉ. सिंह के शोध को न केवल महत्वपूर्ण बताया, बल्कि इसे वैश्विक शांति स्थापना के क्षेत्र में उपयोगी योगदान भी माना है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने पत्र में इस पुस्तक को “गहन शोध पर आधारित और अत्यंत उपयोगी” बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में, जहां विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष और अस्थिरता बनी हुई है, ऐसे शोध कार्य शांति स्थापित करने की प्रक्रियाओं को समझने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 शक्तिकांत दास ने भी डॉ. सिंह को बधाई देते हुए लिखा कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति निर्माण (Peacebuilding) के संस्थागत ढांचे को समझने में एक महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने इस उपलब्धि को समर्पण और गंभीर अध्ययन का परिणाम बताया।
यह पुस्तक विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र की पीसबिल्डिंग कमीशन की कार्यप्रणाली और सिएरा लियोन तथा बुरुंडी जैसे देशों में शांति स्थापना के प्रयासों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह शोध न केवल अकादमिक जगत बल्कि नीति-निर्माताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. संतोष कुमार सिंह का यह कार्य छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय बन गया है, जिससे राज्य की बौद्धिक और प्रशासनिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

