तेहरान/इस्लामाबाद: ईरान और अमेरिका के बीच संभावित सीजफायर को लेकर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अहम बैठक से पहले ईरान ने भावनात्मक और सख्त संकेत दिया है।
ईरानी संसद के स्पीकर बाघर गालिबफ ने अपनी यात्रा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर साझा की, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींच लिया है।
विमान में दिखीं ‘खामोश सहयात्री’
तस्वीर में देखा गया कि ईरानी डेलीगेशन के विमान की सीटों पर उन स्कूली बच्चियों की तस्वीरें लगाई गई थीं, जो मिनाब हमले में मारी गई थीं। गालिबफ खुद उन तस्वीरों के सामने खड़े नजर आए।
उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा—
“इस फ्लाइट में मेरे सहयात्री।”
क्या है संदेश?
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कदम एक स्पष्ट संकेत है कि ईरान इस बैठक में अपने नागरिकों की मौत को प्रमुख मुद्दा बनाएगा और कड़ा रुख अपनाएगा। यह भावनात्मक अपील के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संदेश देने की कोशिश भी मानी जा रही है।
अहम बैठक पर नजरें
ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। हालांकि, बातचीत के एजेंडे और संभावित नतीजों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल, पूरी दुनिया की नजर इस बैठक पर टिकी है कि क्या यह पहल तनाव कम करने की दिशा में कोई ठोस परिणाम दे पाएगी या नहीं।

