Monday, June 22, 2026
HomeKorbaअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोरबा में सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब...

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोरबा में सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश


कोरबा, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन और मानसिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है।
मंत्री श्री साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनता है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अनमोल विरासत है। यह केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन और शरीर के संतुलन का विज्ञान है। योग से मानसिक एवं शारीरिक दक्षता में वृद्धि होती है और व्यक्ति निरोग जीवन की ओर अग्रसर होता है।
योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments