




बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में आयोजित होने वाले शासकीय एवं नगर पालिका के कार्यक्रमों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान, बैठने की व्यवस्था और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपा।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास सहित पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका द्वारा गजरा मैदान सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम नगर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे आयोजनों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके पद एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सम्मान और उचित स्थान दिया जाना आवश्यक है।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, पार्षद तेज प्रताप सिंह एवं राकेश अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका के कार्यक्रमों में किसी राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को प्राथमिकता देने के बजाय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नियमानुसार उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से बचने के लिए कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं पहले से स्पष्ट रूप से निर्धारित की जानी चाहिए।
पार्षद संदीप डहरिया, हेमंत साहनी एवं तालिका साहू ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित शासकीय कार्यक्रमों में मंच संचालन और संबोधन का अवसर नगर पालिका के निर्वाचित एवं मनोनीत जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों तक सीमित रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक आयोजनों को राजनीतिक मंच का स्वरूप नहीं दिए जाने की मांग की।
पार्षदों ने संयुक्त रूप से CMO से मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाले सभी शासकीय एवं नगर पालिका कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान, बैठने की व्यवस्था, निमंत्रण और मंच संचालन से संबंधित प्रोटोकॉल का विधिवत पालन कराया जाए। साथ ही ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी निर्वाचित प्रतिनिधि की उपेक्षा अथवा असम्मान की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर संजय आजाद, मधुसूदन दास, तेज प्रताप सिंह, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, हेमंत साहनी एवं तालिका साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

