


कोरबा। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ जिला कोरबा की जिला स्तरीय बैठक 20 अगस्त 2026 को हरि कृष्ण हॉस्पिटल के बैठक हॉल में आयोजित की गई। बैठक में आधार बेस्ड अटेंडेंस, RHO कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं सहित ग्रेड पे एवं पदनाम परिवर्तन के मुद्दे पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष एवं जिला टीम द्वारा कर्मचारियों को ग्रेड पे तथा पदनाम परिवर्तन से संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही RHO कर्मचारियों को कार्य के दौरान आ रही समस्याओं और उनके निराकरण को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी माह सितंबर से संघ की जिला टीम ब्लॉक स्तर पर पहुंचकर प्रत्येक RHO कर्मचारी से उनकी समस्याओं की जानकारी लेगी। ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी टीम कर्मचारियों की समस्याओं को संकलित कर जिला अध्यक्ष एवं जिला टीम के समक्ष रखेंगे। इसके बाद जिला टीम द्वारा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक एवं ठोस कदम उठाए जाएंगे।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष पन्ना लाल पटेल, जिला संरक्षक हरि दिवाकर, जिला सचिव लखेश्वर प्रसाद कुंभकार, जिला आईटी सेल प्रभारी सुनील शर्मा, जिला आईटी सेल सह-प्रभारी लव देवांगन, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष विजय यादव सहित संतोष पाण्डेय, दीपक कर्ष, प्रीति राय, अकास साहू, पुरुषोत्तम जायसवाल एवं संघ के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

