Sunday, September 27, 2026
HomeChhattisgarhछत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल का रायपुर में शुभारंभ

छत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल का रायपुर में शुभारंभ

डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने केंद्रीय जेल परिसर में किया महिला ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन का उद्घाटन

रायपुर, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में महिला बंदिनियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय जेल रायपुर में प्रदेश की पहली महिला खुली जेल (Women Open Correctional Institution-OCI) का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन डीजी जेल श्री हिमांशु गुप्ता के कर-कमलों से किया गया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी श्रीमती खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

25 महिला बंदिनियों को मिलेगा खुला वातावरण

छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार महिला बंदिनियों के लिए इस प्रकार की ओपन जेल की शुरुआत की गई है। केंद्रीय जेल रायपुर में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए महिला ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन प्रारंभ किया गया है। इस ओपन जेल में 25 महिला बंदिनियों को रखने की व्यवस्था की गई है।

इस व्यवस्था के तहत पात्र महिला बंदिनियां दिन के समय विभिन्न रोजगार एवं कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर निर्धारित स्थानों पर जा सकेंगी। वे सुबह अपने कार्य के लिए निकलेंगी और दिनभर कार्य करने के बाद शाम को लॉकअप होने के निर्धारित समय से पहले वापस जेल परिसर में लौटेंगी।

सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर में मिलेगा रोजगार

महिला बंदिनियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में विभिन्न रोजगारपरक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनमें सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र प्रमुख हैं।

इन गतिविधियों के माध्यम से महिला बंदिनियों को काम सीखने और आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल

महिला ओपन जेल की व्यवस्था का उद्देश्य बंदिनियों को सुरक्षित वातावरण में रहते हुए रोजगार से जोड़ना, उनमें आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना तथा जेल से बाहर निकलने के बाद सामान्य सामाजिक जीवन में पुनर्वास के लिए तैयार करना है।

खुली जेल की यह व्यवस्था महिला बंदिनियों को अपनी कार्यक्षमता और कौशल का उपयोग करने का अवसर प्रदान करेगी। साथ ही सिलाई, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों की बिक्री जैसी गतिविधियों के माध्यम से उन्हें व्यावसायिक अनुभव भी प्राप्त होगा।

छत्तीसगढ़ में महिला बंदिनियों के लिए शुरू की गई यह पहली ओपन जेल जेल सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में एक नई व्यवस्था के रूप में सामने आई है।

— CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments