

बांकी मोंगरा पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
बांकी मोंगरा। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा 3/4 एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में कथित रूप से शामिल मुख्य आरोपी धर्म सिंह राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व से 40 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अरविंद कुमार कुर्मी, निवासी साईं मोहल्ला बांकी कॉलोनी ने 14 सितंबर 2026 को बांकी मोंगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच 3/4 इंकलाइन खदान की बाउंड्रीवाल फांदकर 10-15 अज्ञात चोर जबरन खदान परिसर में घुसे। आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथापाई कर मारपीट की।
इसके बाद आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी नंबर-4 इंकलाइन खदान के मुहाड़े में घुसकर चालू लाइन से करीब 30 से 40 मीटर कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार चोरी गए केबल की अनुमानित कीमत करीब 50 से 55 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत के आधार पर बांकी मोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 331(4), 296, 351(3), 115(2), 310(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
03 बालिग जेल भेजे गए, 07 नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए
विवेचना के दौरान पर्याप्त अपराध साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने पूर्व में 03 बालिग आरोपियों को जेल तथा 07 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा था। जांच में घुड़देवा 3/4 खदान में घुसकर मारपीट एवं केबल चोरी की घटना का मुख्य मास्टरमाइंड धर्म सिंह राजपूत, पिता मंगल सिंह राजपूत, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी पंखादफाई, सुराकछार का होना पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त केबल काटने का हथियार और मोबाइल फोन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बांकी मोंगरा पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार धर्म सिंह राजपूत के विरुद्ध पूर्व में 40 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। खदान एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी तथा लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ बांकी मोंगरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यम साहू द्वारा की गई।
CG News Hub | बांकी मोंगरा

