Pranay mishra



उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल और बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने किया लोकार्पण
बांकीमोंगरा। क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को बड़ी सौगात मिली है। जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 99.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने फीता काटकर किया।
नवीन भवन के शुरू होने से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। इस निर्माण को क्षेत्र में शिक्षा संबंधी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता : लखन लाल देवांगन
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास (DMF) मद के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसके तहत जर्जर स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थान पर नवीन भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण है।
नवीन भवन से विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण : प्रेमचंद पटेल
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नवीन शाला भवन से विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
शिक्षा के विकास से मजबूत होगा क्षेत्र का भविष्य : सोनी विकास झा
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। घुड़देवा में 99.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में जरूरी आधारभूत सुविधाओं का विकास होना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े। नवीन भवन से विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने इस कार्य के लिए शासन एवं संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा एवं मनीष मिश्रा, पार्षद व पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, श्रीमती अमिला पटेल, श्रवण कुमार यादव, पार्षद श्रीमती रंभा हेम सिंह कंवर, श्रीमती देवकी साहू, कोरबा एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, निराकार नाहक सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के सदस्य, आसपास के जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित रहे।
घुड़देवा में नवीन शाला भवन के लोकार्पण से क्षेत्र की शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा के विकास को नई दिशा मिलेगी।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

