
बिलासपुर में 5 हजार से अधिक मुर्गियों की संदिग्ध मौत, बर्ड फ्लू की आशंका
बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बीते पांच दिनों के भीतर 5 हजार से अधिक मुर्गी-मुर्गों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रारंभिक लक्षणों के आधार पर अधिकारियों ने बर्ड फ्लू की आशंका जताई है। मामले की पुष्टि के लिए सैंपल भोपाल लैब भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पूरे पोल्ट्री फार्म को बंद कर दिया है और 5 किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है। फार्म में करीब 6 हजार से अधिक नस्लों के मुर्गी-मुर्गों का पालन और प्रजनन किया जाता है, जिन्हें सरकार द्वारा चूजे उपलब्ध कराए जाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, 18 मार्च से मुर्गियों की मौत का सिलसिला शुरू हुआ था। शुरुआती दिनों में संख्या कम थी, लेकिन धीरे-धीरे बढ़ते हुए पांच दिनों के भीतर करीब 5 हजार पक्षियों की मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से राज्य स्तरीय विशेषज्ञ टीम बिलासपुर पहुंच गई है। टीम में पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक चंद्रकांत वर्मा, उप संचालक स्टेट लैब डॉ. ए.के. तफ्शी तथा अपर संचालक डॉ. केके ध्रुव समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। टीम पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण कर सैंपल एकत्र करेगी और संबंधित अधिकारियों के बयान भी दर्ज करेगी।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

