

कोरबा, 1 अगस्त 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 और 66 को शनिवार को लगभग 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 36.58 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 39.38 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा वार्ड 65 भैरोताल में 16.58 लाख रुपये की लागत से शासकीय माध्यमिक शाला में नवीन भवन एवं शौचालय तथा वार्ड 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत ने इन दोनों विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
इसके साथ ही वार्ड 65 भैरोताल में दुर्गा मंदिर परिसर के छत एवं कांक्रीट कार्य, वार्ड 61 खम्हरिया में सांस्कृतिक मंच निर्माण, वार्ड 63 कुसमुण्डा प्रोजेक्ट में बालक-बालिका शौचालय और अतिरिक्त कक्ष निर्माण, वार्ड 64 इमलीछापर परसाभांठा में मंच निर्माण तथा वार्ड 65 आनंदनगर में मंच एवं शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से पिछले ढाई वर्षों में निगम क्षेत्र में लगभग 1,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी 67 वार्डों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, प्रेम साहू, बहत्तर सिंह कंवर, रामाधार पटेल, जनक सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, एल्डरमेन दीपक यादव, जितेन्द्र सिंह, रवीन्द्र अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

