


बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने गुरुवार को विभिन्न निर्माण एवं पेयजल संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 1 पुरेना में स्थापित की जा रही हाई मास्क लाइट के कार्य से हुई। पालिका अध्यक्ष ने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिल सके।
इसके बाद उन्होंने वार्ड क्रमांक 12 में चल रहे बोर खनन कार्य का निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बोर खनन कार्य जल्द पूरा कर पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती सोनी विकास झा ने क्षेत्र के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। इस पर पालिका अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति प्रदान कर रही है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

