
कोरबा/बांकीमोंगरा।
लंबे समय से बिजली कटौती, जर्जर तारों और खराब ट्रांसफार्मरों की समस्या से जूझ रहे बांकीमोंगरा के नागरिकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा की पहल पर विद्युत विभाग और जनप्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। बैठक के तुरंत बाद पालिका अध्यक्ष स्वयं अधिकारियों के साथ रही में और विभिन्न वार्डों के समस्याओं को उजागर कर आवश्यक कार्यों को वरीयता के आधार पर निराकरण के निर्देश दिए।



बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में लगातार हो रही बिजली कटौती, जर्जर विद्युत तार एवं खंभों के प्रतिस्थापन, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं बदलाव, विद्युत लाइनों से सटे पेड़ों की छंटाई तथा अन्य तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
विद्युत विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर, कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान, सहायक अभियंता भगत राम कंवर तथा लाइनमैन गोविंद सोनवानी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका की ओर से अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, उपाध्यक्ष गायत्री कंवर, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष युवा मोर्चा विकास झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा एवं भागवत विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, एल्डरमैन जितेंद्र सिंह, निराकार नाहक, राखी अग्रवाल, प्रमोद सोना, गोवर्धन सिंह, दिलीप दास, अजीत केवर्त सहित पार्षदगण, पीआईसी सदस्य, कांग्रेस एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अनेक जनप्रतिनिधि बैठक में शामिल रहे।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि नगर की लंबित विद्युत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके।
बैठक के उपरांत पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बांकीमोंगरा के विभिन्न वार्डों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान जर्जर विद्युत तारों, क्षतिग्रस्त खंभों, खराब ट्रांसफार्मरों तथा पेड़ों की छंटाई की आवश्यकता वाले स्थानों का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर कार्यों के क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना भी तैयार की गई।
बैठक के अंत में नगर पालिका परिषद एवं विद्युत विभाग के बीच एक कार्यवाही एवं सहमति पत्र तैयार किया गया, जिसके माध्यम से तय किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

