

जलाशय में 89.55 प्रतिशत जलभराव, हसदेव नदी किनारे बसे गांवों और संस्थानों को सतर्क रहने की अपील
कोरबा, 08 अगस्त 2026। मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में लगातार बारिश के चलते जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में जलाशय में 89.55 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। जलाशय में पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी समय जलाशय के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जा सकता है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. भारती ने सर्वसाधारण एवं संबंधित संस्थानों को सूचना जारी करते हुए कहा है कि वर्षाकाल 2026 के दौरान आवश्यकता पड़ने पर मिनीमाता बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी प्रवाहित किया जाएगा।
बाढ़ क्षेत्र से परिसंपत्तियां सुरक्षित स्थान पर ले जाने के निर्देश
जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के किनारे एवं बांध के नीचे बाढ़ क्षेत्र में स्थापित चल-अचल परिसंपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील की है। खनिज खदानों के ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों, संस्थानों एवं अन्य संबंधित लोगों को भी अपनी परिसंपत्तियां बाढ़ संभावित क्षेत्र से बाहर करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति में होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आने वाले गांवों में मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को चेतावनी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इन गांवों में विशेष सतर्कता
जल संसाधन विभाग के अनुसार संभावित बाढ़ क्षेत्र में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य गांव शामिल हैं।
जलाशय में लगातार बढ़ते जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी के आसपास न जाने तथा प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

