

कवर्धा, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को कबीरधाम जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन जिला मुख्यालय कवर्धा में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। समारोह का आयोजन आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि श्री देवांगन सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे परेड का निरीक्षण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा।
समारोह में हर्ष फायर के पश्चात विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावना से ओत-प्रोत शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री लखनलाल देवांगन समारोह से प्रस्थान करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के इस मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

