रायपुर, 14 अगस्त 2026।
15 अगस्त 2026 को देशभर में मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, उत्साहपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए शासन की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत राज्य, जिला, उपमंडल, प्रखंड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले समारोहों की रूपरेखा तय की गई है। सभी स्तरों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रातः 9 बजे के बाद आयोजित किए जाएंगे।




राष्ट्रीय स्तर पर लाल किले में होगा मुख्य समारोह
नई दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को सशस्त्र बलों और दिल्ली पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रध्वज फहराने, राष्ट्रगान, 21 तोपों की सलामी, वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा, प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन तथा तिरंगे गुब्बारे छोड़ने सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। समारोह में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट्स की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री जनता के नाम अपना संबोधन देंगे।
जिला और उपमंडल स्तर पर परेड व संबोधन
जिला मुख्यालयों में मंत्री, आयुक्त अथवा जिला मजिस्ट्रेट द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर परेड, राष्ट्रगान और संबोधन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं उपमंडल एवं प्रखंड स्तर पर उपमंडल अधिकारी के नेतृत्व में ध्वजारोहण, परेड और संबोधन का आयोजन किया जाएगा।
पंचायत और ग्राम स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
ग्राम पंचायत एवं ग्राम स्तर पर सरपंच अथवा ग्राम प्रधान द्वारा राष्ट्रगीत के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान और ग्रामीणों को संबोधित करने का कार्यक्रम होगा। स्थानीय स्तर पर बच्चों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले के प्रमुख स्थलों पर 15 दिन से एक महीने तक स्वच्छ भारत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान में स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही सरकारी विभागों और शिक्षण संस्थानों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत सांस्कृतिक आदान-प्रदान
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत राज्यों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में अन्य राज्यों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया गया है। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और परंपराओं से लोगों को परिचित कराने के साथ आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
राजभवन में शाम को होगा ‘एट होम’ समारोह
राजभवन अथवा उपराज्यपाल निवास में शाम 6 बजे के बाद ‘एट होम’ समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सामान्य प्रोटोकॉल के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। दिव्यांगजन, पद्म पुरस्कार विजेता, शहीदों के परिजन, कोरोना योद्धा, उत्कृष्ट खिलाड़ी, शिक्षक और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के लिए 25 से 50 विशेष आमंत्रण आरक्षित रखने का प्रावधान किया गया है।
देशभर में 343 स्थानों पर बैंड प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में लगभग 343 प्रमुख स्थानों पर पुलिस एवं सैन्य बैंड का प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। लोकभवनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्कूली बैंड प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा।
शासन ने सभी संबंधित विभागों एवं स्थानीय प्रशासन को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

