कोरबा
अशोक वाटिका, फुटका पहाड़ और कॉफी प्वाइंट का करेंगे अवलोकन; एनटीपीसी, एसईसीएल व वन विभाग के अधिकारियों के साथ होगी बैठक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप आज 20 अगस्त को कोरबा जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिले के प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। साथ ही वन संरक्षण, पर्यावरणीय प्रबंधन और विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री कश्यप सुबह 10 बजे वन विश्राम गृह बुका से अशोक वाटिका के लिए रवाना होंगे और करीब 11 बजे अशोक वाटिका पहुंचेंगे। इसके बाद 11:30 बजे फुटका पहाड़ के लिए प्रस्थान कर दोपहर 12:30 बजे वहां पहुंचकर क्षेत्र का अवलोकन करेंगे।
इसके पश्चात मंत्री दोपहर 1:30 बजे बालको रेंज स्थित कॉफी प्वाइंट के लिए रवाना होंगे तथा करीब 2:30 बजे पहुंचकर क्षेत्र का भ्रमण एवं अवलोकन करेंगे।
अधिकारियों के साथ होगी महत्वपूर्ण बैठक
प्रवास के अगले चरण में मंत्री श्री कश्यप शाम 3:30 बजे कॉफी प्वाइंट, बालको रेंज से ग्राम जमनीपाली के लिए रवाना होंगे। शाम 4:30 बजे जमनीपाली स्थित एनटीपीसी गेस्ट हाउस पहुंचकर बैठक में शामिल होंगे।
बैठक में एनटीपीसी, एसईसीएल और वन विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में वन संरक्षण, पर्यावरणीय प्रबंधन, विकास कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
मंत्री श्री कश्यप रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
वन मंत्री का यह प्रवास कोरबा जिले में वन संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा विकास कार्यों में बेहतर विभागीय समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

