Tuesday, October 20, 2026
HomeChhattisgarhछत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने दिए समय-सीमा...

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में होगा राज्योत्सव का आयोजन, 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार किए जाएंगे प्रदान

रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्योत्सव का आयोजन आगामी 1 से 3 नवंबर 2026 तक नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम-तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है।

राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव के साथ-साथ राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की भी विभागवार समीक्षा की गई।

22 अक्टूबर तक देनी होगी तैयारियों की जानकारी

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्योत्सव से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने विभागों को अपनी-अपनी प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने तथा 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्योत्सव को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला प्रभावी मंच बनाया जाए।

विकास और भविष्य की दिशा पर रहेगा फोकस

राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया गया है। इसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।

प्रदर्शनियों और कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों तथा भविष्य की विकास दिशा को आम जनता के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी है।

40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार होंगे प्रदान

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बैठक में पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

संस्कृति विभाग को राज्योत्सव का नोडल विभाग बनाया गया है।

मेला ग्राउंड में होंगी व्यापक व्यवस्थाएं

राज्य स्तरीय आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम-तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है। यहां मुख्य मंच, डोम, पंडाल, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी की जाएगी।

इन विभागों को मिली प्रमुख जिम्मेदारियां

सीएसआईडीसी, एनआरडीए एवं लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल के ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक एवं बैरिकेटिंग की जिम्मेदारी दी गई है।

जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स द्वारा राज्योत्सव के प्रचार-प्रसार और हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था की जाएगी।

नगर निगम रायपुर एवं एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

वहीं जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग द्वारा चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव श्री बसवराजु एस., सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव श्री भूवनेश यादव, श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री सारांश मित्तर, रायपुर जिले के कमिश्नर एवं कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

CG News Hub | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments