





‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर की साफ-सफाई
बांकीमोंगरा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी बांकीमोंगरा मंडल द्वारा गुरुवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ स्वच्छता जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बांकीमोंगरा चौपाटी एवं आसपास के क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा बांकीमोंगरा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा तथा नगर पालिका परिषद की सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
चौपाटी क्षेत्र में चला स्वच्छता अभियान
अभियान के दौरान चौपाटी और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एल्डरमैन जितेन्द्र सिंह, राखी अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, प्रकाश झा, कविता यादव, अश्वनी मिश्रा, गोरी केंवट, रितेश अग्रवाल, रामेश्वर सोनी, सिंग कंवर, भोली एवं आसाराम केवट सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
सेवा और स्वच्छता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अमला, सामाजिक संगठन और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता के लिए आगे आते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे क्षेत्र में दिखाई देता है।
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के माध्यम से बांकीमोंगरा में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगर पालिका कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सामूहिक रूप से किए गए इस सेवा कार्य ने लोगों को यह संदेश दिया कि अपने शहर को स्वच्छ बनाने की शुरुआत स्वयं से ही की जा सकती है।

