Wednesday, October 21, 2026
HomeLocalराशन कार्ड पोर्टल बंद, बांकी मोंगरा में जनता परेशान; नेता प्रतिपक्ष ने...

राशन कार्ड पोर्टल बंद, बांकी मोंगरा में जनता परेशान; नेता प्रतिपक्ष ने खाद्य अधिकारी को लिखा पत्र

3 दिन में पोर्टल शुरू नहीं हुआ तो खाद्य कार्यालय में अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन की चेतावनी, CM और खाद्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाने का ऐलान

बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र में पिछले 1–2 महीने से राशन कार्ड बनाने का पोर्टल बंद होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन जमा कर चुके लोगों को लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मामले को लेकर नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने जिला खाद्य अधिकारी, कोरबा को पत्र लिखकर तत्काल राशन कार्ड पोर्टल चालू कराने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने पत्र के माध्यम से चेतावनी दी है कि 3 दिवस के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो पार्षदों एवं आमजनों के साथ खाद्य विभाग के कार्यालय में अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन किया जाएगा। इतना ही नहीं, कोरबा जिले में मुख्यमंत्री अथवा खाद्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई है।

राशन कार्ड के लिए महीनों से भटक रही जनता

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि खाद्य विभाग से संबंधित क्षेत्र में कई समस्याएं हैं, लेकिन वर्तमान में सबसे गंभीर समस्या राशन कार्ड का नहीं बनना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन जमा कर दिए हैं, लेकिन लंबे समय से पोर्टल बंद होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को रोज नए-नए नियम बताकर परेशान किया जा रहा है। राशन कार्ड जैसी जरूरी सुविधा के लिए आम नागरिकों को बार-बार नगर पालिका के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्षदों को लगातार जनता की शिकायतें सुननी पड़ रही हैं।

“आखिर कब तक अधिकार से वंचित रहेगी जनता?”

मधुसूदन दास ने सवाल उठाते हुए कहा कि राशन कार्ड आम आदमी के लिए सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि खाद्यान्न के अधिकार से जुड़ा महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में राशन कार्ड नहीं बनने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में “टैक्स दो, राशन कार्ड लो” जैसी व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी रही है और अब राशन कार्ड ही नहीं बनने की स्थिति ने आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

3 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

नेता प्रतिपक्ष ने जिला खाद्य अधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए राशन कार्ड बनाने का पोर्टल तत्काल चालू कराया जाए और लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 3 दिवस के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी साथी पार्षदों एवं आमजनों के साथ खाद्य कार्यालय में अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही कोरबा जिले में मुख्यमंत्री या खाद्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

cg news hub

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments