
16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले, मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में होने वाली भारत महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीरीज के तहत 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे।
मैचों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। स्टेडियम परिसर के साथ-साथ सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे।
मैच के दौरान पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
ई-टिकटिंग के साथ दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई
दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा तथा टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।
स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एंबुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर की भी व्यवस्था
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम परिसर में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
फायर ब्रिगेड, पर्याप्त जल उपलब्धता और आपातकालीन स्थिति में आवागमन के लिए वैकल्पिक रूट का चिन्हांकन गृह एवं अग्निशमन विभाग द्वारा किया जाएगा।
बिजली और मोबाइल नेटवर्क की भी होगी व्यवस्था
मैच के दौरान निर्बाध विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को दी गई है। वहीं स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएसएनएल को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोकल सपोर्ट कमेटी गठित
मैचों के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसम्पर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

