





कोरबा, 01 अप्रैल 2026 /
कटघोरा क्षेत्र के ग्राम ढपढप-बांकीमोंगरा में आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा एवं सामूहिक विवाह समारोह आज श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान 108 दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। राज्यपाल श्री डेका ने नवविवाहित जोड़ों से मुलाकात कर उन्हें सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने प्रत्येक जोड़े को सम्मान स्वरूप 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक पं. श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी राज्यपाल से सौजन्य भेंट की। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत सहित प्रशासनिक अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री रमेन डेका ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति की रक्षा करने का आह्वान किया।

