Sunday, April 12, 2026
HomeKorbaएजेंसियों को कड़े निर्देश जिले में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती:...

एजेंसियों को कड़े निर्देश जिले में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी की समीक्षा बैठक

,
कोरबा, 12 अप्रैल 2026। जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू उपलब्धता, पारदर्शी वितरण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में गैस वितरक एजेंसियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एजेंसियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर गैस उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी एजेंसियां पारदर्शिता और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि गैस वितरण बुकिंग तिथि के अनुक्रम और “फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व” के आधार पर ही किया जाए तथा प्रत्येक डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए। बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर वितरण पर रोक रहेगी।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी गैस एजेंसियों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, परिसर के बाहर की गतिविधियों की निगरानी हेतु बाहरी कैमरा लगाने तथा चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने परिसर में बैनर के माध्यम से तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं जिला कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करें।
कलेक्टर एवं एसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री जैसी शिकायतें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। ऐसी किसी भी गतिविधि पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और आपसी समन्वय के साथ एलपीजी सिलेंडर का सुचारु भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी एजेंसी में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका या स्टॉक की कमी की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को सूचित किया जाए, जिससे समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी श्री जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम एवं भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
 जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
जिले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की सुचारू वितरण एवं परिवहन व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आमजन अपनी समस्या, सुझाव या शिकायत दूरभाष नंबर 9691901259 पर दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments