

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक, एआई, ड्रोन और सीसीटीवी से बढ़ेगी निगरानी
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने हाल के दिनों में रेलवे को निशाना बनाने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि यदि किसी यात्री को स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इसी विषय को लेकर नई दिल्ली स्थित रेल भवन में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw ने की। बैठक में रेल राज्य मंत्री V. Somanna, Ravneet Singh Bittu तथा रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देशभर के फील्ड अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन और आधुनिक सीसीटीवी तकनीक का बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बीट स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने के लिए और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। रेलवे नेटवर्क, स्टेशन परिसरों और ट्रेनों की निगरानी को मिशन मोड में बढ़ाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में हाल की कुछ आगजनी की घटनाओं में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। रेलवे के अनुसार कई मामलों में समय पर कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।
सुरक्षा समीक्षा बैठक में रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, साइबर सुरक्षा को मजबूत करने, एआई आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने तथा रेलवे बोर्ड और फील्ड जोन के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के बीच सूचना साझा करने की प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
रेल मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि रेलवे यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सके

