रायपुर, 3 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के पांच नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 149 संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य शासन की स्वीकृति के बाद दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर), जांजगीर-चांपा और कबीरधाम मेडिकल कॉलेजों के लिए प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक एवं सीनियर रेजीडेंट के पदों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे तथा अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
भर्ती के तहत कुल 149 पदों में प्राध्यापक (Professor) के 35 पद, सह-प्राध्यापक (Associate Professor) के 40 पद, सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के 50 पद तथा सीनियर रेजीडेंट (Senior Resident) के 24 पद शामिल हैं। ये पद एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फोरेंसिक मेडिसिन और कम्युनिटी मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों में भरे जाएंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, शिक्षण अनुभव और शोध कार्य राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के प्रचलित मानकों तथा मेडिकल इंस्टीट्यूशन (फैकल्टी क्वालिफिकेशन) रेगुलेशंस, 2025 के अनुरूप होना चाहिए। साथ ही किसी राष्ट्रीय अथवा राज्य चिकित्सा परिषद में वैध एवं जीवित पंजीकरण होना अनिवार्य रहेगा।
प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। चयन समिति द्वारा साक्षात्कार ऑनलाइन अथवा प्रत्यक्ष रूप से आयोजित किया जा सकता है। अंतिम चयन साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पूर्व आयु सीमा, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध विज्ञापन से प्राप्त करने की अपील की है। यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के नए मेडिकल कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


