
नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीमित व्यक्ति (आईपी) के आश्रितों/संतानों के लिए एमबीबीएस, बीडीएस एवं बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रवेश ईएसआईसी के “वार्ड्स ऑफ इंस्योर्ड पर्सन (आईपी) कोटा” के अंतर्गत प्रदान किया जाएगा।
ईएसआईसी द्वारा श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अखिल भारतीय स्तर पर संचालित 22 मेडिकल कॉलेजों में कुल 783 सीटें आवंटित की गई हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
ईएसआईसी के अनुसार, आईपी प्रमाणपत्र (बीमित व्यक्ति) के आश्रित/संतान के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 21 जून 2026 तक खुला रहेगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन करने की सलाह दी गई है।
कर्मचारी राज्य बीमा निगम विश्व के सबसे बड़े सामाजिक सुरक्षा संगठनों में से एक है, जो श्रमिकों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधा, बीमारी भत्ता, मातृत्व लाभ, विकलांगता सहायता तथा आश्रित लाभ सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा सेवाएं प्रदान करता है। ईएसआईसी की यह पहल श्रमिक परिवारों के बच्चों को चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।
ईएसआईसी ने कहा है कि आईपी कोटा के माध्यम से श्रमिकों के परिवारों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा मेडिकल काउंसलिंग कमेटी के पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

