


संवाददाता :अनुज पाठक
बाँकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा क्षेत्र में पिछले 10 से 12 दिनों से जारी टेपनल (जलापूर्ति) समस्या के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के विपक्षी पार्षदों ने कोरबा कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने कोहड़िया स्थित जल संयंत्र (पानी प्लांट) का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों से जल वितरण व्यवस्था में शीघ्र सुधार के निर्देश देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि कोहड़िया पानी प्लांट से होने वाली जलापूर्ति व्यवस्था पिछले कई दिनों से प्रभावित है, जिससे नगर पालिका क्षेत्र के 30 वार्डों के नागरिकों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने मांग की कि टेपनल पानी की आपूर्ति दिन में दो बार की जाए तथा सुबह 3-4 बजे संचालित होने वाली जलापूर्ति को निर्धारित समय पर नियमित रूप से शुरू किया जाए।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता की आपूर्ति बाधित होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मशीनों में खराबी आना सामान्य बात है, लेकिन ऐसी स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था का अभाव प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से लोगों को केवल आश्वासन मिल रहा है, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर टेपनल संबंधी समस्या का निराकरण करने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को राहत पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास एवं इंद्रजीत बींझवार ने संयुक्त रूप से कहा कि पानी की कमी के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का त्वरित समाधान नहीं होने पर सभी पार्षद एवं क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार, नंदलाल, बबलू मारवा, कमल चंद्रा, धनंजय राठौर, खगेश कर्ष सहित अनेक पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

