
बांकीमोंगरा। संवाददाता अनुज पाठक
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर सख्ती के निर्देश दिए जाने के बावजूद बांकीमोंगरा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन का मामला सामने आया है। क्षेत्र के बलगी नदी से लगातार अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर में अवैध खनिज गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके बावजूद बांकीमोंगरा क्षेत्र में रेत माफिया बेखौफ होकर अपने कार्य को अंजाम दे रहे हैं, जिससे शासन के निर्देशों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एक स्थानीय रिपोर्टर द्वारा अवैध रेत परिवहन से संबंधित वीडियो एवं फोटो साक्ष्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। शिकायत प्राप्त होने के बाद अधिकारियों ने मामले में आवश्यक जांच कर तत्काल कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अवैध रेत परिवहन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है तथा शासन को राजस्व की हानि भी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इस पर तत्काल रोक लगाई जाए।
अब देखना यह होगा कि शिकायत और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रशासन कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है और अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लग पाता है या नहीं।

