
रायपुर, 25 जून 2026। प्रदेश के नगरीय निकायों में आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 22 करोड़ 6 लाख रुपए की आपात निधि जारी की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के निर्देश पर संचालनालय द्वारा यह राशि सभी नगरीय निकायों को हस्तांतरित कर दी गई है।
विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए जारी की गई इस राशि का उपयोग सड़कों, नालियों, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के मरम्मत एवं संधारण कार्यों में किया जाएगा।
जारी निधि के तहत प्रदेश के 14 नगर निगमों को कुल 13 करोड़ 76 लाख रुपए, 56 नगर पालिकाओं को 5 करोड़ 18 लाख रुपए तथा 124 नगर पंचायतों को 3 करोड़ 66 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं।
नगरीय प्रशासन विभाग के अनुसार इस आपात निधि से नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। सरकार का उद्देश्य नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाना और जनसुविधाओं को मजबूत करना है।

