बाक़ी मोंगरा



शुक्लाखार–देवरी बुंदेली सड़क और खोलार नदी पर पुल निर्माण की मांग, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी व छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नेतृत्व में हुआ आंदोलन
कोरबा। जिले के शुक्लाखार में शुक्रवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शुक्लाखार से देवरी बुंदेली सड़क निर्माण तथा खोलार नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सुबह लगभग 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चक्काजाम किया। आंदोलन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
आंदोलनकारियों ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को जिला प्रशासन को आवेदन देकर 15 दिनों के भीतर कार्यवाही की मांग की गई थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन तथा संबंधित विभागों को भी शिकायत भेजी गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत शुक्लाखार से देवरी तक सड़क लंबे समय से जर्जर है और बरसात के दौरान आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित होता है। वहीं खोलार नदी पर नए पुल निर्माण के लिए लगभग ₹536.01 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव पहले से लंबित है, लेकिन अब तक अंतिम स्वीकृति नहीं मिलने से कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
आंदोलन के दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार सूर्यप्रकाश केसकर ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया कि शुक्लाखार से देवरी मार्ग के आरडी 300 मीटर पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है तथा एक माह के भीतर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सड़क मरम्मत एवं निर्माण संबंधी आवश्यक कार्रवाई भी नियमानुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
तहसीलदार के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और लगभग 2 बजे यातायात पुनः सामान्य हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में सड़क और पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

