

MBBS/BDS में प्रवेश के लिए 16 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन, 17 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग
रायपुर, 7 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए शासकीय एवं निजी चिकित्सा तथा दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में संचालित स्नातक पाठ्यक्रम MBBS एवं BDS में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर द्वारा पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जो 16 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगी। वहीं अभ्यर्थियों के लिए च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग की प्रक्रिया भी 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर 17 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक जारी रहेगी।
श्रेणीवार आवेदन शुल्क निर्धारित
काउंसिलिंग के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। अनारक्षित (UR) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 1000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये निर्धारित है। वहीं NRI श्रेणी के आवेदकों को 10,000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। यह शुल्क अप्रतिदेय (Non Refundable) होगा।
इसके अलावा पंजीयन राशि/सुरक्षा निधि से संबंधित विस्तृत जानकारी काउंसिलिंग सूचना के पेज क्रमांक-2 पर दी गई तालिका में उपलब्ध कराई गई है।
नियमावली का अध्ययन करने की सलाह
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा (फिजियोथेरेपी) स्नातक प्रवेश नियम, 2025 का विस्तृत अध्ययन करने की सलाह दी है। विशेष रूप से आरक्षण, काउंसिलिंग प्रक्रिया एवं बॉण्ड से संबंधित प्रावधानों को समझने के बाद ही आवेदन एवं च्वाइस फिलिंग करने के लिए कहा गया है।
विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन प्रक्रिया, नियम, शुल्क, सुरक्षा निधि तथा काउंसिलिंग से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत सूचना एवं नियमावली का अवलोकन करें।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 9 अगस्त 2026, सुबह 11 बजे
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 16 अगस्त 2026, रात 11:59 बजे
- च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग प्रारंभ: 9 अगस्त 2026, सुबह 11 बजे
- च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग की अंतिम तिथि: 17 अगस्त 2026, रात 11:59 बजे
- MBBS/BDS पाठ्यक्रम: शासकीय एवं निजी चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा महाविद्यालय

