

कोरबा, 13 अगस्त 2026। ‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोरबा जिले में आज 13 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। जिला प्रशासन कोरबा एवं नगर पालिक निगम कोरबा के संयुक्त आयोजन में निकलने वाली यह यात्रा दोपहर 3 बजे सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर ओपन थिएटर, घंटाघर कोरबा तक पहुंचेगी।
तिरंगा यात्रा में जिले के विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थी, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के छात्र-छात्राएं, युवा, प्राचार्य, शिक्षक, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं एवं युवा वंदेमातरम् थीम के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे।
9 से 17 अगस्त तक विविध कार्यक्रम
तिरंगा यात्रा के नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान में ‘वंदेमातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को विशेष रूप से जोड़ा गया है।
अभियान के तहत जिले में देशभक्ति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान, तिरंगा मेला तथा ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदेमातरम्’ पर विशेष प्रदर्शनी शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से भव्य तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल करने का संदेश दिया जाएगा।

