
रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की उपस्थिति में 27 अगस्त 2026 को राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन स्थित कन्वेंशन हॉल में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषय पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में शामिल प्रतिनिधियों के विचार, अनुभव और सुझावों को UCC के भावी स्वरूप के निर्धारण में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विभिन्न पहलुओं पर होगी चर्चा
बैठक में समान नागरिक संहिता के संभावित प्रावधानों, इसके सामाजिक प्रभावों, व्यावहारिक पहलुओं और विभिन्न वर्गों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक समावेशी और संतुलित प्रारूप तैयार करना बताया गया है।
सरकार की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि विस्तृत चर्चा और सुझाव प्राप्त करने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं अन्य समूहों को पृथक रूप से आमंत्रित किया जाएगा। इन समूहों से प्राप्त सुझावों को भी UCC के प्रारूप को तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है।
राज्य में समान नागरिक संहिता को लेकर होने वाली यह प्रारंभिक बैठक आगे की प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के माध्यम से विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर UCC के प्रारूप को अधिक व्यापक और व्यवहारिक बनाने पर जोर रहेगा।

