मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया गौरव का अवसर, अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में महिला दर्शकों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
रायपुर |

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। राष्ट्रपति 22 एवं 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रपति महोदया को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी उनसे बस्तर प्रवास का आग्रह किया गया था। राष्ट्रपति ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया। उनका बस्तर आगमन प्रदेशवासियों के लिए विशेष खुशी और सम्मान का विषय है।
नक्सल हिंसा प्रभावित लोगों को मिलेगा संबल
मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों एवं अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें। श्री अमित शाह के संबोधन से प्रभावित लोगों का मनोबल बढ़ाने में मदद मिली है।
पहली बार छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को भी छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन प्रदेश में महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़, हमर खबर

