

बांकी मोंगरा। नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों को सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे उन्हें करीब 5,000 से 10,000 रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह राशि काफी अधिक है।
इस समस्या को लेकर एल्डरमैन निराकार नाहक ने नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा से क्षेत्र में सेप्टिक क्लीन टैंकर की नियमित व्यवस्था एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि समय पर सेप्टिक टैंक की सफाई नहीं होने से गंदगी, दुर्गंध एवं अस्वच्छता की स्थिति उत्पन्न होती है, जिसका आम नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
एल्डरमैन निराकार नाहक ने नगर पालिका से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सेप्टिक क्लीन टैंकर की व्यवस्था की जाए, ताकि नागरिकों को निजी टैंकरों पर होने वाले 5,000 से 10,000 रुपये तक के खर्च से राहत मिल सके और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।

