बांकी मोंगरा, अरदा
प्रणय मिश्रा






21 अगस्त 2026। साइबर अपराधों से बचाव और विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आत्मानंद उत्कृष्ट माध्यमिक शाला अरदा में साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम की दूसरी कड़ी आयोजित की गई। कार्यक्रम में बांकी मोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध, ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। साथ ही बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल शिकायत करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने सरल भाषा में समाधान बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
आत्मानंद उत्कृष्ट माध्यमिक शाला अरदा में आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने उपयोगी पहल बताया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा।

