
रायपुर, 24 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के लिए वर्क एंड अकाउंट्स मैनेजमेंट इंटीग्रेशन सिस्टम (WAMIS) लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 5 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में इसे लागू करने की मंजूरी दी गई है।
WAMIS के माध्यम से निर्माण कार्यों की स्वीकृति से लेकर ई-प्राक्कलन, ई-प्रोक्योरमेंट, ई-मेजरमेंट बुक (e-MB), बिल भुगतान, लेखा प्रबंधन और गुणवत्ता की निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित होगी। इससे कार्यों की पारदर्शिता बढ़ने, भुगतान में तेजी आने और निर्माण कार्यों की रियल-टाइम निगरानी में मदद मिलेगी।
यह प्रणाली इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन सी-डैक (C-DAC), पुणे द्वारा विकसित की गई है। इसे पहले लोक निर्माण विभाग में लागू किया जाएगा, जिसके बाद अन्य निर्माण एवं अधोसंरचना विभागों में भी इसका विस्तार किया जाएगा।
स्वीकृति से भुगतान तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन
WAMIS में किसी निर्माण कार्य के प्रारंभिक प्रस्ताव से लेकर कार्य पूर्णता और अंतिम भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसमें प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति, ऑनलाइन लागत निर्धारण, निविदा प्रक्रिया, डिजिटल मापन पुस्तिका, ठेकेदारों के बिल की ऑनलाइन तैयारी एवं भुगतान तथा बजट के विरुद्ध व्यय का प्रबंधन शामिल है।
साथ ही जियो-टैग्ड तस्वीरों के माध्यम से निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी भी की जा सकेगी। वरिष्ठ अधिकारी और शासन स्तर पर कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समवर्ती निगरानी कर सकेंगे।
ठेकेदारों को समयबद्ध भुगतान
ऑनलाइन बिल प्रक्रिया से ठेकेदारों को भुगतान में होने वाली देरी कम होने की उम्मीद है। मापन और बिलिंग के डिजिटलीकरण से मानवीय हस्तक्षेप कम होगा तथा त्रुटियों और अनियमितताओं की संभावना भी घटेगी। इससे निर्माण परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की संभावना है।
लेखा प्रबंधन में भी होगा सुधार
WAMIS के माध्यम से मासिक लेखा प्रविष्टियां स्वतः तैयार होने से लेखा संधारण की प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित होगी। विभागीय परिसंपत्तियों और व्यय का एकीकृत डेटाबेस उपलब्ध रहेगा, जिससे भविष्य में विभागीय निर्णय और नीतियां तैयार करने में भी सहायता मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि जनता के धन से बनने वाला प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि WAMIS के माध्यम से लोक निर्माण विभाग की पूरी कार्यप्रणाली पारदर्शी, अभिलेख-आधारित और जवाबदेह बनेगी।

