Sunday, September 27, 2026
HomeChhattisgarhकोरबा की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव, मुख्यमंत्री साय...

कोरबा की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव, मुख्यमंत्री साय ने फोन पर दी बधाई

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक, फाइनल में ईरान को दी मात

रायपुर/कोरबा, 26 सितंबर 2026।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी और भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी इस उपलब्धि से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।

भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत की और उन्हें शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा—प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी संजू की सफलता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परचम लहरा रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने कठिन परिश्रम और बेहतरीन खेल कौशल के माध्यम से राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। ग्रामीण और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाओं के लिए उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है।

खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

भारतीय महिला कबड्डी टीम को भी दी बधाई

मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

कोरबा की संजू देवी की यह उपलब्धि न केवल जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments