Monday, November 2, 2026
HomeUncategorizedहाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेमीपाली में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया छत्तीसगढ़ राज्य...

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेमीपाली में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, लोक संस्कृति की दिखी अनूठी छटा

छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और लोकनृत्यों से सजा आयोजन, महिलाओं ने लिया लोक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प

सेमीपाली। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेमीपाली में महिलाओं द्वारा उत्साह और हर्षोल्लास के साथ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से छत्तीसगढ़ के राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का गायन किया।

इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर लोक संस्कृति को जीवंत किया। पंथी, सुआ, कर्मा और ददरिया जैसे पारंपरिक लोकगीतों एवं लोकनृत्यों पर महिलाओं ने जमकर आनंद लिया। वहीं अरसा, सोहारी, ठेठरी, खुरमी और चीला जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का भी स्वाद लिया।

कार्यक्रम में पारंपरिक खेल, लोकनृत्य, गीत, क्विज एवं भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आयोजन के दौरान सभी महिलाओं ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में रेखा कुर्रे, गायत्री खूंटे, शशि पाटले, रिया रात्रे, लता साहू, अश्वनी चौहान, रिंकू सिंह, फूल फुल्लर, सीमा भारद्वाज, सुधा कंवर, अंजू राठौर, बृहस्पति मानिकपुरी, गुड़िया साहू, चंदना सिंग, अंजू सिंह एवं रूखमणि कुर्रे ने सहभागिता निभाते हुए विशेष योगदान दिया।

अंत में सभी प्रतिभागियों को स्मृति भेंट प्रदान की गई। एकल नृत्य एवं गायन प्रस्तुत करने वाली प्रतिभागियों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।

CGNEWSHUB

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments