
रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने और जिला स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के विभिन्न जिला कार्यालयों में सहायक ग्रेड-3 के 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दी है। संबंधित जिला कलेक्टरों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने निर्णय पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को शासकीय सेवाओं से जोड़ने के साथ ही आम जनता को पारदर्शी और त्वरित प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सहायक ग्रेड-3 के पदों पर भर्ती से युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर मिलेंगे और जिला कार्यालयों के कामकाज में भी तेजी आएगी।
विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों, निर्धारित आरक्षण व्यवस्था और प्रचलित सेवा भर्ती नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। प्रस्ताव को वित्त विभाग से वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है।
जिलेवार पदों का विवरण
स्वीकृत 100 पदों में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 8, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, मुंगेली और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 7-7 पद शामिल हैं।
इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, बेमेतरा, बिलासपुर, कोरबा और सक्ती में 5-5 पद, दुर्ग, बालोद और राजनांदगांव में 4-4 पद, जबकि कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ में 3-3 पद स्वीकृत किए गए हैं।
धमतरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, सुकमा और बीजापुर में 2-2 पद, जबकि जशपुर में 1 पद शामिल है।
शासन ने सभी संबंधित कलेक्टरों को निर्धारित आरक्षण एवं भर्ती नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आवेदन की तारीख और विस्तृत भर्ती विज्ञापन अभी संबंधित जिला प्रशासन द्वारा जारी किया जाना है।

