Monday, September 21, 2026
HomeChhattisgarhराज्य सम्मान 2026 के लिए संस्कृति विभाग ने आमंत्रित की प्रविष्टियां

राज्य सम्मान 2026 के लिए संस्कृति विभाग ने आमंत्रित की प्रविष्टियां

साहित्य, लोककला, संगीत, नृत्य, सिनेमा और रंगकर्म सहित 13 क्षेत्रों में मिलेगा सम्मान; 5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन

रायपुर, 20 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने कला, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किए जाने वाले राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। विभाग द्वारा स्थापित 12 राज्य स्तरीय सम्मान एवं 1 राष्ट्रीय सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘राज्योत्सव 2026’ के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

उपलब्धियों और दीर्घ साधना के आधार पर होगा चयन

राज्य सम्मान के लिए इच्छुक पात्र व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। आवेदन में आवेदक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं आयु के साथ प्रस्तावक का विवरण और आवेदक की उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा देना होगा। इसके अलावा पूर्व में प्राप्त सम्मान एवं पुरस्कारों की जानकारी भी देनी होगी। इसमें अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों का विवरण शामिल किया जाना है।

शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों को सामान्य प्रशासन विभाग से अनुमति पत्र भी संलग्न करना होगा। सम्मान की नियमावली एवं आवेदन का निर्धारित प्रारूप संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

13 प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

संस्कृति विभाग द्वारा वर्ष 2026 में विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान हिन्दी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प तथा चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में दिया जाएगा।

इसी तरह देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार लोक नृत्य, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता तथा हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।

देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार पंथी नृत्य, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत और खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में दिया जाएगा।

सिनेमा और पंडवानी के क्षेत्र में भी सम्मान

किशोर साहू सम्मान हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय एवं पटकथा निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा। वहीं किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में दिया जाएगा।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान देश के बाहर रहकर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य अथवा आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अप्रवासी भारतीयों को प्रदान किया जाएगा। डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा।

5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन

संस्कृति विभाग ने पात्र कलाकारों, साहित्यकारों, सांस्कृतिक कर्मियों एवं अन्य प्रतिभाओं से निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां 5 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत डाक से भेजने का आग्रह किया है।

आवेदन भेजने का पता:
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा
द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-27,
नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़।

आवेदन निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों एवं उपलब्धियों के विवरण के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर भेजना होगा। सम्मान से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियमावली एवं आवेदन का प्रारूप संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments