कोरबा
मंत्री लखनलाल देवांगन ने करोड़ों के सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ
सुशासन तिहार और कोरबा स्थापना दिवस पर जिलेवासियों को मिली बड़ी सौगात
लखनलाल देवांगन ने रविवार को कोरबा जिलेवासियों को बड़ी सौगात देते हुए करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। दर्री बैराज स्थित मेजर ध्यानचंद चौक में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि लंबे समय से जिन सड़कों की मांग की जा रही थी, अब उनका निर्माण शुरू होने जा रहा है, जिससे जिले में आवागमन और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
कार्यक्रम में ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक 29 करोड़ 42 लाख 96 हजार रुपये की लागत से 2.84 किलोमीटर सीमेंट कंक्रीट सड़क, रिसदा चौक से रिसदी चौक तक 2.90 किलोमीटर सड़क, दर्री बैराज से बरमपुर चौक तक लगभग 83 करोड़ रुपये की लागत से 7.56 किलोमीटर सीसी रोड तथा हरदीबाजार-तरदा-सर्वमंगला-इमलीछापर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस मार्ग पर कुल 230 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा इन सड़कों का शिलान्यास किया गया था और अब भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से जिले में यातायात का दबाव कम होगा, लोगों का समय बचेगा और कई क्षेत्रों की दूरी भी घटेगी।
उन्होंने बताया कि डीएमएफ राशि से जिले में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कई कार्य स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती, विद्यार्थियों को कोचिंग एवं स्कूली बच्चों को नाश्ता उपलब्ध कराने जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए भी 36 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, रामलला दर्शन योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचा रही है।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं और लक्ष्य यह है कि जिले की किसी भी सड़क पर गड्ढा न रहे।
निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि जिले की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए डीएमएफ की 30 प्रतिशत राशि खर्च की जा रही है। वहीं लोक निर्माण विभाग के ईई जी आर जांगड़े ने सभी निर्माण कार्य समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पार्षद अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, राधा महंत, कल्याणी यादव, प्रीति शर्मा, अजय चंद्रा, राजकुमार साहू, सम्मत रतन सिंह कंवर, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।



