Tuesday, June 16, 2026
HomeLocalकोरबा के टोल प्लाजाओं पर स्थानीय वाहनों को टोल मुक्त करने की...

कोरबा के टोल प्लाजाओं पर स्थानीय वाहनों को टोल मुक्त करने की मांग, युवा कांग्रेस ने NHAI को सौंपा ज्ञापन


कोरबा। युवा कांग्रेस जिला कोरबा ने जिले में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के टोल प्लाजाओं में CG-12 पासिंग घरेलू वाहनों एवं स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क से मुक्त करने, सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में टोल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने तथा टोल कर्मचारियों द्वारा आमजनों के साथ किए जा रहे कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस जिला महासचिव मधुसूदन दास के नेतृत्व में तथा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर एवं दीपक वर्मा की विशेष उपस्थिति में सौंपे गए ज्ञापन में जिले के चोटिया, मदनपुर, बगदेवा और कोथारी टोल प्लाजाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नागरिकों से टोल वसूली बंद करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर हो रही दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार टोल कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से ओवरलोड राखड़ वाहनों के संचालन में कथित मिलीभगत की जांच कराने की मांग की।
इस अवसर पर मधुसूदन दास ने कहा कि कोरबा एक आदिवासी एवं कृषक प्रधान जिला है, जहां लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए बार-बार आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों और घरेलू उपयोग के वाहनों से बार-बार टोल वसूली करना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल प्लाजाओं में कई बार कर्मचारियों द्वारा नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है तथा सुविधाओं के नाम पर स्थिति बेहद खराब है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, आवारा पशुओं की मौजूदगी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और टोल प्लाजाओं के आसपास अवैध पार्किंग के कारण भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर ओवरलोड राखड़ वाहनों को अवैध रूप से पार कराने में टोल कर्मचारियों की मिलीभगत की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
युवा कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जिले के सभी टोल प्लाजाओं में CG-12 पासिंग वाहनों एवं स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क से छूट प्रदान की जाए, सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित टोल प्रबंधन के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा अवैध पार्किंग और ओवरलोड परिवहन के मामलों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मनमोहन राठौर एवं दीपक वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि टोल प्रबंधन और संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान असंगठित कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू मारवा, जिला सचिव धनंजय राठौर, अदनान मेमन, प्रमोद काकरे, यशवर्धन, साहिल, युवा कांग्रेस सचिव कमलकिशोर चंद्रा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments