Wednesday, June 24, 2026
HomeLocalखुली नाली और अधूरे निर्माण कार्य से बढ़ी परेशानी, पार्षद  ने सौंपा...

खुली नाली और अधूरे निर्माण कार्य से बढ़ी परेशानी, पार्षद  ने सौंपा ज्ञापन


बांकीमोंगरा, कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 15 में नाली निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को लेकर पार्षद  मधुसूदन दास ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कुर्मीपारा क्षेत्र में राजेंद्र यादव के घर से लेकर सुनीता के घर तक नाली को खोदकर पिछले दो से तीन महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण कार्य लंबित रहने के कारण क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही खुली नाली के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो सकती है। खुले गड्ढों एवं अधूरी नाली से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पार्षद  मधुसूदन दास ने प्रशासन से मांग की है कि तीन दिनों के भीतर नाली निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए तथा लगभग 15 से 20 मीटर हिस्से में ढक्कनयुक्त नाली का निर्माण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षेत्र के नागरिकों ने भी नगर पालिका प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग करते हुए कहा है कि जनसुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments