
कोरबा, 1 अगस्त 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में “माय भारत युवा कार्यक्रम” के तहत 2 अगस्त (रविवार) को शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, श्री फूल सिंह राठिया, श्री तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल शामिल होंगे।
“माय भारत युवा कार्यक्रम” के जिला नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर जुड़े युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संदेश के साथ ही कोरबा जिले में अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, विभिन्न शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा औद्योगिक इकाइयों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें हजारों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को “नशामुक्त युवा-नशामुक्त भारत” का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही रैली, शपथ ग्रहण, संवाद, प्रतियोगिताओं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी तथा शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे और प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुनते हुए नशामुक्त समाज एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेंगे।

