कटघोरा, 31 जुलाई 2026।



प्रणय मिश्रा
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने नगर पालिका परिषद कटघोरा में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने उप अभियंता श्री चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की जांच रिपोर्ट में प्रतिमा निर्माण कार्य प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाए जाने, प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा के मानकों के अनुरूप नहीं होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी माना गया है। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में श्री जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

